गुवाहाटी , अप्रैल 05 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि असम की जनता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के साथ खड़ी है और आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत तय है।
श्री चौहान ने रविवार को राजग- भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में असम की बोकाखाट और नाडुआर विधानसभा सीटों पर जनसभाओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री चौहान ने बोकाखाट में राजग उम्मीदवार अतुल बोरा और नाडुआर में भाजपा प्रत्याशी पद्म हजारिका के लिए प्रचार किया। उन्होंने असमी भाषा में "जोय अखोम, कांग्रेस खत्म" का नारा देते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत तय है।
श्री चौहान ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए असम की जनता की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोग सरल, देशभक्त और ईमानदार हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने असम के साथ "पांच महापाप" किए। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय असम को पाकिस्तान में देने की बात, 1962 के युद्ध के दौरान राज्य को असहाय छोड़ना, घुसपैठियों को संरक्षण देना, युवाओं को रोजगार न देना और परिवारवाद को बढ़ावा देना कांग्रेस की बड़ी गलतियां रही हैं। इस दौरान उन्होंने भारत रत्न गोपीनाथ बोरदोलोई को याद करते हुए असम को भारत में बनाए रखने के उनके योगदान को सराहा।
श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक कलह और भगदड़ की स्थिति है। उन्होंने प्रियंका गांधी के असम दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उनके आते ही पार्टी में टूट बढ़ गई। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में एक बार फिर भाजपा और सहयोगी दलों की सरकार बनेगी।
श्री चौहान ने कहा कि राजग सरकार अगले पांच वर्षों में दो लाख सरकारी नौकरियां देने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में "लैंड जिहाद" और "लव जिहाद" जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।
श्री चौहान ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और भविष्य में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में 33 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं को मौका देने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने असम सरकार की 'अरुणोदोई योजना' का जिक्र करते हुए महिलाओं को आर्थिक सहायता देने को सराहा।
श्री चौहान ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने चाय बागान श्रमिकों को उनके अधिकार नहीं दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से अब श्रमिकों को जमीन के पट्टे दिए जा रहे हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित