गुवाहाटी , फरवरी 19 -- कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने आगामी असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की वापसी पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा है कि लोगों का रुझान बदलाव के पक्ष में है और वे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ काम करेंगे।

श्री शिवकुमार ने गुरूवार को कहा कि कई रणनीतिक बैठकें पहले ही हो चुकी हैं, जिसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता चुनाव की तैयारियों में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।

उन्होंने असम के अपने दौरे की शुरुआत कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना करके की और राज्य सरकार में बदलाव के लिए प्रार्थना की।

उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की टिप्पणियों को खारिज करते हुए कहा, " वह इसीलिए ऐसे बयान दे रहे हैं क्योंकि वह अपने कार्यों को लेकर आश्वस्त नहीं हैं। वह अपने वादों को लेकर पक्के नहीं हैं। आप जानते हैं कि उनकी पार्टी यहां हार रही है। इसीलिए वह बेबुनियाद बयान दे रहे हैं।"असम चुनावों के लिए श्री बघेल और बंधु तिर्की के साथ वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त श्री शिवकुमार ने दोहराया कि असम के लोग बदलाव चाहते हैं और कांग्रेस को वोट देंगे, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ज़मीनी कोशिशें तेज़ करने को कहा और प्रचार के लिए सकारात्मक बातों की अहमियत पर भी ज़ोर दिया।

कांग्रेस ने असम में संगठन स्तर पर अपना काम तेज़ कर दिया हैं। शीर्ष नेतृत्व ने श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुवाई में उम्मीदवारों के लिए एक जांच प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें ज़मीनी स्तर पर जानकारी इकट्ठा करने के लिए ज़िलों में काफ़ी यात्रा करना शामिल है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि उम्मीदवारों की पहली लिस्ट फरवरी के आखिर तक घोषित की जा सकती है और मार्च की शुरुआत तक लगभग 80 नामों को अंतिम रूप किए जाने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित