दीमापुर , जनवरी 31 -- असम में चुमौकेदिमा जिले के सुखोवी में असम राइफल्स प्रशिक्षण केंद्र एवं विद्यालय (एआरटीसी एंड एस) में आयोजित समारोह में 36 महिलाओं सहित कुल 282 रंगरूट औपचारिक रूप से असम राइफल्स में शामिल हो गये।

यहां आयोजित शपथ ग्रहण परेड में 36 महिलाओं सहित कुल 282 रंगरूटों को औपचारिक रूप से असम राइफल्स में शामिल किया गया। रंगरूटों ने अपने 44 हफ़्ते के कड़े प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष शपथ ग्रहण परेड के दौरान शानदार तालमेल और लय के साथ मार्च किया।

प्रशिक्षण में युद्ध कला, हथियार चलाना, जंगल लेन शूटिंग और आतंकवाद विरोधी अभियानों में विशेषज्ञता हासिल करना शामिल है। परेड का नेतृत्व कैप्टन अंजलि किरोला ने किया। रंगरूटों को संबोधित करते हुए,असम राइफल्स के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) मेजर जनरल जेएस बैंसला ने देश के सबसे पुराने अर्धसैनिक बल असम राइफल्स की समृद्ध विरासत और राष्ट्र की सुरक्षा में इसकी बहुआयामी भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने असम राइफल्स में महिलाओं के बढ़ते योगदान का उल्लेख किया , जिन्हें 2015 से सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्यूटी में शामिल किया गया है और उन्होंने न केवल पूर्वोत्तर में, बल्कि जम्मू-कश्मीर, संयुक्त राष्ट्र मिशनों और 2019 और 2023 की प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस परेड में भी अनुकरणीय प्रदर्शन किया है।

श्री बैंसला ने कहा कि सीमावर्ती भूमिकाओं में महिला सैनिकों की मौजूदगी सुरक्षा को मज़बूत करती है और देश के महिला सशक्त के विज़न को आगे बढ़ाती है।

उन्होंने रंगरूटों और उनके माता-पिता को प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने को लेकर बधाई दी और उनके भविष्य के सभी प्रयासों में सफलता और खुशी की कामना की। समारोह के दौरान, रंगरूटों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए भी सम्मानित किया गया। ओवरऑल बेस्ट रिक्रूट (फिजिकल और फायरिंग में बेस्ट) का खिताब जीडी अप्पू चकमा को मिला, जबकि ओवरऑल दूसरा बेस्ट रिक्रूट जीडी (महिला) टी मालोती देवी और ड्रिल में बेस्ट जीडी बिकाश मंडल को मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित