इम्फाल , अक्टूबर 28 -- असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा ने बुधवार को तेंगनौपाल जिले के मोरे और चोंगजांग का दौरा कर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मौजूदा सुरक्षा स्थिति, परिचालन तैयारियों और सीमा अवसंरचना विकास की समीक्षा की।

असम राइफल्स के एक अधिकारी के अनुसार, इस उच्च स्तरीय दौरे का मुख्य उद्देश्य सीमा प्रबंधन को मजबूत करना और क्षेत्र में सुरक्षा ढांचे को सुदृढ़ बनाना था।

श्री लखेरा ने मोरे शहर के अपने दौरे के दौरान स्थानीय निवासियों से सीधे बातचीत की और सीमावर्ती समुदाय से जुड़ी स्थानीय चिंताओं तथा सुरक्षा माहौल पर उनकी प्रतिक्रिया जानी। इसके बाद उन्होंने मोरे में प्रमुख क्रॉसिंग पॉइंट्स का दौरा किया, जहां निर्माणाधीन बुनियादी ढांचे का मूल्यांकन किया गया और सीमा पर चल रहे बाड़ लगाने के काम की प्रगति का जायजा लिया।

चोंगजांग में परिचालन समीक्षा को जारी रखते हुए लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा ने सीमा बाड़ परियोजना का ऑन-साइट निरीक्षण किया तथा इसकी तकनीकी एवं भौतिक प्रगति की जानकारी ली। दौरे के दौरान महानिदेशक ने चौबीसों घंटे प्रभावी निगरानी, उच्च परिचालन तैयारी और सभी सुरक्षा हितधारकों के बीच निर्बाध समन्वय बनाए रखने की रणनीतिक आवश्यकता पर बल दिया।

इसके अलावा, असम राइफल्स (साउथ) के पुलिस महानिरीक्षक मेजर जनरल गौरव शर्मा के साथ महानिदेशक ने ककचिंग गैरिसन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सुरक्षा माहौल, परिचालन तैनाती और प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गयी। उन्होंने नागरिक प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित