गुवाहाटी , मई 10 -- असम विधानसभा चुनावों में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हिमंता बिस्व सरमा ने रविवार दोपहर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के समक्ष राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
श्री सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "असम की जनता के आशीर्वाद और विश्वास के साथ, आज मैंने राजभवन में माननीय राज्यपाल श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य जी को सरकार गठन का प्रस्ताव सौंपा। आम जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने तथा विकास, सुशासन और एक समृद्ध असम की ओर हमारी यात्रा को और अधिक गतिशील बनाने के लिए, हम एक बार फिर से प्रतिबद्ध हैं।"इससे पहले पर्यवेक्षक के तौर पर यहां भेजे गए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में श्री सरमा को विधायक दल का नेता चुना गया।
हाल ही में संपन्न हुए 126 सदस्यीय विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत राजग ने प्रचंड जीत हासिल की है। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीती हैं, जबकि उनके गठबंधन सहयोगियों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस दो तिहाई बहुमत के साथ राजग ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है।
असम में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की यह लगातार तीसरी सरकार होगी। राजग ने यहां 2016 और 2021 के बाद अब 2026 में जीत की हैट्रिक लगाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित