धेमाजी , अप्रैल 01 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को असम के लोगों से वादा किया कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की फिर सरकार बनती है, तो वह समान नागरिक संहिता (यूसीसी ) लागू करेगी।

श्री मोदी ने असम के धेमाजी जिले के गोगमुख में आज विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह घुसपैठियों का एक स्थायी वोट बैंक बनाने की कोशिश में बहुसंख्यक समुदाय को अल्पसंख्यक बनाने की योजना बना रही है। इसके विपरीत भाजपा आदिवासियों की पहचान की रक्षा करने और असम की पहचान को बचाने के लिए संविधान की छठी अनुसूची के तहत उन्हें सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं कि वे असम में घुसपैठियों को बचाने के लिए नया कानून लाएंगे और खुले तौर पर उनका समर्थन कर रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह देश को बांटने की कोशिश कर रही है, ठीक वैसे ही जैसे मुस्लिम लीग ने विभाजन के दौरान किया था। उन्होंने भारतीय संविधान के जनक माने जाने वाले बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर का नाम लिया और कहा कि कांग्रेस ने उस संविधान की पीठ में छुरा घोंपा है जिसे बाबा साहेब ने तैयार किया था।

श्री मोदी ने वादा किया कि राज्य में भाजपा की दोबारा सरकार बनाने पर वह यूसीसी लागू करेगी।

गौरतलब है कि भाजपा ने मंगलवार को जारी अपने घोषणापत्र में राज्य में दोबारा सरकार बनने के तीन महीने के अंदर यूसीसी लागू करने का वादा किया गया है। राज्य में नौ अप्रैल को होने वाले एक चरण के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करके भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित