गुवाहाटी , फरवरी 20 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली असम सरकार ने पिछले दस वर्षों में घुसपैठियों को राज्य में प्रवेश करने से रोका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक बार फिर भाजपा को वोट दें ताकि असम से आखिरी घुसपैठिये को बाहर किया जा सके।
केंद्रीय गृह मंत्री ने शुक्रवार को असम के कछार जिले के नाथनपुर गांव में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए 'वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-द्वितीय' (वीवीपी-द्वितीय) की शुरुआत करते हुए यह बात कही। इस पहल का उद्देश्य सीमा पर स्थित समुदायों को सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध बनाना है, जो विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है। वीवीपी-द्वितीय एक 6,839 करोड़ रुपये की योजना है, जिसे 15 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में से लागू किया जाना है।
श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने असम में पहले अवैध घुसपैठ के लिए सीमा खुले छोड़ दिये थे, जिससे जनसांख्यिकीय बदलाव आया है। उन्होंने कहा, "सीमावर्ती क्षेत्रों के लोग असुरक्षा के कारण अपनी जमीन छोड़ने लगे और घुसपैठियों ने उन क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया। स्थानीय लोगों और युवाओं ने अवसर खो दिये, क्योंकि घुसपैठियों की आबादी लगातार बढ़ती गयी।"उन्होंने कहा, "असम में भाजपा सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में घुसपैठ को पूरी तरह से रोक दिया था और दूसरे में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने घुसपैठियों को उन जमीनों से उखाड़ फेंका, जिन पर उन्होंने अवैध तरीके से कब्जा किया था।"श्री शाह ने कहा, "एक बार फिर जब आप आने वाले चुनावों में भाजपा को वोट देंगे और असम में भाजपा सरकार होगी तो मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम असम की जमीन से हर घुसपैठिये को निकाल देंगे।"असम में विकास के आंकड़े देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में असम में प्रतिदिन 14 किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ है। 24,000 किलोमीटर से अधिक सड़कों का कायाकल्प किया गया है और पुलों का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में असम की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,56,000 रुपये हो गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित