रायपुर , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को दावा किया कि असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरी बार स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि हालिया मतदान के दौरान मतदाताओं में सत्तारूढ़ दल के प्रति उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है।
नवा रायपुर स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री साव ने बताया कि असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ पिछले कुछ महीनों से लगातार सक्रिय रहकर चुनावी रणनीति पर काम किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है।
पश्चिम बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य पर टिप्पणी करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में परिवर्तन की इच्छा स्पष्ट रूप से उभर रही है। उनके अनुसार कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता में असंतोष है, जिसके चलते भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल बनता नजर आ रहा है।
राज्य के लोक निर्माण विभाग से जुड़े विषयों पर श्री साव ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में विभाग को नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस राशि का उपयोग सड़कों के सुदृढ़ीकरण, उन्नयन और नई परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और अब तक संपर्क से वंचित गांवों तक सड़क, पुल और पुलिया निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
खेल क्षेत्र के विकास को लेकर उन्होंने बताया कि राज्य में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में प्रयास जारी हैं। इस संबंध में केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा गया है और सकारात्मक सहयोग की उम्मीद जताई गई है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित