गुवाहाटी , मई 12 -- असम में डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के रूप में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिये शपथ ली।
यहां के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज फील्ड में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। श्री सरमा असम के पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री बन गये हैं, जिन्होंने लगातार दो बार इस पद की कमान संभाली है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर राजग के शीर्ष नेतृत्व ने अपनी उपस्थिति से समारोह की भव्यता बढ़ा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी इस दौरान विशेष रूप से मौजूद रहे।
इनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई राज्यों के गणमान्य नेता इस पल के साक्षी बने। इतना ही नहीं, श्री सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में अंतरराष्ट्रीय तड़का तब लग गया, जब भारत में अमेरिका के नवनियुक्त राजदूत सर्जियो गोर भी इसमें शामिल होने के लिए पहुंच गये।
कैबिनेट गठन के पहले चरण में मुख्यमंत्री के साथ चार अन्य वरिष्ठ मंत्रियों ने भी पद की शपथ ली। भाजपा की ओर से श्री अजंता नेओग और श्री रामेश्वर तेली को जगह मिली, जबकि सहयोगी दलों से असम गण परिषद (अगप) के श्री अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के श्री चरण बोरो ने मंत्री पद की शपथ ली।
असम में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की यह जीत कई मायनों में खास है। असम में भाजपा की सत्ता का सफर साल 2016 में शुरू हुआ था। तब भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 15 साल के कांग्रेस शासन को उखाड़ फेंका था। राज्य में भाजपा की पहली सरकार का नेतृत्व सर्बानंद सोनोवाल ने किया था, जिन्होंने 2016 से 2021 तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल में असम में भाजपा की जड़ें मजबूत हुई।
इसके बाद 2021 के विधानसभा चुनावों में जीत के साथ राज्य में भाजपा की दूसरी सरकार बनी और कमान डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के हाथों में आयी। अब 2026 के विधानसभा चुनावों में राजग गठबंधन ने 126 में से 102 सीटें जीतकर शानदार 'हैट्रिक' पूरी की है।
डॉ. सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में उनके पूर्ववर्ती और वर्तमान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जो राज्य में पार्टी के भीतर निरंतरता और एकजुटता का प्रतीक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित