गुवाहाटी , मई 12 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि असम में मिले ऐतिहासिक जनादेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संगठनात्मक नेतृत्व में जनता के विश्वास और भाजपा सरकार की जनसेवा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

श्री शर्मा मंगलवार को यहां असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद यह बात कही। उन्होंने श्री मोदी की मौजूदगी में आयोजित इस समारोह में डॉ सरमा को मुख्यमंत्री एवं अन्य विधायकों को मंत्री पद की शपथ लेने पर शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने डॉ सरमा से मुलाकात की एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई भी दी।

श्री शर्मा ने कहा कि श्री मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार असम में सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी तथा विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज गुवाहाटी में आयोजित असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सहभागी बनकर अत्यंत हर्ष और गर्व की अनुभूति हुई और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि श्री सरमा के नेतृत्व में नई सरकार असम के विकास को नई गति देगी तथा समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर असम के संकल्प को और अधिक सशक्त करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं समस्त मंत्री परिषद को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित