रायपुर , फरवरी 15 -- छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के मंत्रियों और नेताओं को पड़ोसी राज्य असम के विधानसभा चुनावों में जिम्मेदारी दिए जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों के शासनकाल में भ्रष्टाचार और अवैध उगाही से जो धन कमाया गया है, उसे अब असम की जनता को लुटाने और चुनावी खर्च के लिए भेजा जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को अवैध वसूली का चारागाह बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "हर योजना में गड़बड़ी और घोटाला किया जा रहा है। सरकारी खजाने को लूटा जा रहा है। भाजपा के बड़े नेताओं ने प्रदेश से 1500 करोड़ रुपए की मांग की थी, जिसे पूरा करने के लिए तरह-तरह के घोटाले किए गए।"प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इन आरोपों की सूची लंबी करते हुए कहा कि जंबूरी घोटाला, कन्या विवाह योजना में अनियमितता, शराब घोटाला, धान खरीदी में गड़बड़ी और पीडब्ल्यूडी विभाग में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए हैं। उन्होंने वन विभाग में जंगलों की कटाई की अनुमति देकर मोटी रकम वसूलने और जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदी में भ्रष्टाचार के भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि इस तरह से एकत्र की गई अवैध धनराशि को अब प्रदेश के बाहर होने वाले विधानसभा चुनाव में खर्च करने की योजना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित