नई दिल्ली , मार्च 29 -- असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने रविवार को नाओबोइचा से औपचारिक अभियान की शुरुआत की। कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र भी जारी कर दिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और इसे "डबल इंजन नहीं, डबल धोखा और डबल भ्रष्टाचार" की सरकार बताया।

श्री खरगे ने केंद्र और राज्य नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि "अली बाबा दिल्ली में बैठा है और उसके 40 चोर पूरे देश में फैले हैं," जिन्हें जनता को वोट से हराना होगा। इस दौरान कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र भी जारी किया और इसे असम के "कायाकल्प का दस्तावेज" बताया गया।

घोषणापत्र में कांग्रेस ने पांच बड़ी गारंटियों का ऐलान किया है, जिनमें महिलाओं को मासिक नकद सहायता, हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवर, 10 लाख भूमिपुत्रों के भूमि अधिकारों का नियमितीकरण, वरिष्ठ नागरिकों को मासिक पेंशन और जूबिन गर्ग मामले में 100 दिन में न्याय शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित