मिर्जापुर , फरवरी 17 -- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार देर रात विंध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी विंध्यवासिनी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उनके धार्मिक अनुष्ठान स्थानीय भाजपा विधायक एवं पुरोहित रत्नाकर मिश्र ने संपन्न कराए। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
मुख्यमंत्री वाराणसी से सड़क मार्ग द्वारा मंदिर पहुंचे, जहां स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। उपजिलाधिकारी गुलाब राम भी स्वागत के लिए उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में श्री सरमा ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके बयानों को अलोकतांत्रिक बताया। उन्होंने कहा कि असम में घुसपैठ की समस्या अब भी बनी हुई है और राज्य सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। उनके अनुसार अब तक लगभग 50 हजार एकड़ जमीन खाली कराई जा चुकी है तथा प्रतिदिन 100 से 150 घुसपैठियों को बाहर किया जा रहा है।
विंध्य कॉरिडोर निर्माण कार्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व की तुलना में अब क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री के दर्शन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन सतर्क रहा। विधायक रत्नाकर मिश्र लखनऊ से आकर स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित