अमृतसर , जुलाई 08 -- असम स्थित गुरुद्वारा धोबड़ी साहिब के मुख्य प्रबंधक भूपिंदर पाल सिंह 'किक्की' ने बुधवार को परिवार सहित श्री दरबार साहिब में माथा टेककर गुरु साहिब के प्रति श्रद्धा अर्पित की। इस अवसर पर एसजीपीसी की ओर से श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में उन्हें सिरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने कहा कि गुरु तेगबहादुर की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित ऐतिहासिक 'शहीदी नगर कीर्तन' की शुरुआत शिरोमणि कमेटी ने गुरुद्वारा धोबड़ी साहिब, असम से की थी। इस नगर कीर्तन ने देशभर में गुरु साहिब की पावन शिक्षाओं का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन के शुभारंभ के दौरान गुरुद्वारा धोबड़ी साहिब की प्रबंधक कमेटी और संगत ने उत्कृष्ट प्रबंध किये थे, जो श्रद्धालुओं के लिए यादगार बने। इस सेवा में भूपिंदर पाल सिंह 'किक्की' और पूरी प्रबंधक कमेटी का विशेष योगदान रहा।

सम्मान प्राप्त करने के बाद भूपिंदर पाल सिंह 'किक्की' ने शिरोमणि कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु घर और संगत की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी वे पंथक कार्यों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित