रांची , अप्रैल 16 -- झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू प्रमुख सुदेश महतो के समक्ष पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में कोयलांचल के जेएलकेएम के कई नेताओं ने पार्टी का दामन थामा।
इस मौके पर सुदेश महतो ने कहा है कि वर्तमान राज्य सरकार से जनता निराश हो चुकी है। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति फिर दयनीय हो चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा दांव पर है। श्री महतो ने कहा कि कभी पेपर लीक होने की खबर आती है तो कभी ट्रेज़री घोटाला सामने आता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अनुरोध है कि अगर असम चुनाव की थकान मिट गई है तो थोड़ा राज्य की जनता के दर्द की तरफ ध्यान दिया जाए।
राज्य में कुछ गिरोह बेखौफ होकर छात्राओं और महिलाओं की आबरू से खेल रहे हैं। उनमें कानून का भय नहीं दिखता। श्री महतो ने मिलन समारोह में आए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करने की तैयारी करनी होगी।
इस अवसर पर जेएलकेएम नेता निर्मल महतो तथा गजेंद्र महतो उर्फ पप्पू के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के दर्जनों नेताओं विजय कुमार पासवान, डा. प्रिंयका कुमारी, दिलीप कु. महतो, संतोष कु. राम, रोहित पांडे, मोनू पाडे, राजेश पांडे, धीरज पांडे,, पिकु पौडे, विवकी रविदास, नरेश राय, अनिल हरि, सीताराम महतो ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव यशोदा देवी, बबीता कुमारी, दीपक महतो जी, संजय मेहता, परवाज खान, संतोष महतो, नरेश महतो, सचिन महतो आदि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित