गुवाहाटी , जनवरी 30 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि अगर असम में तीसरी बार भाजपा सत्ता में आती है, तो वह घुसपैठ रोकने के साथ राज्य से सभी अवैध घुसपैठियों को भी बाहर निकाल देगी।

श्री शाह ने धेमाजी के चापोरी में मिसिंग यूथ फेस्टिवल (युवा महोत्सव) में एक रैली को संबोधित करते हुये लोगों से मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को वोट देने की अपील की। ज्ञात रहे कि 126 सदस्यों वाली राज्य विधानसभा के लिए चुनाव आगामी महीनों में होने वाले हैं।

श्री शाह ने राज्य में बड़े पैमाने पर घुसपैठ के लिए असम की पूर्व कांग्रेस सरकार के कुशासन को ज़िम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि धुबरी, बारपेटा, दर्रांग, मोरीगांव, बोंगाईगांव, नगांव और गोलपारा सहित असम के सात ज़िलों में घुसपैठिए पहले ही बहुमत में हैं। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों की आबादी अब कम से कम 66 लाख हो गई है। उन्होंने जनता से अवैध घुसपैठ की समस्या को हमेशा के लिए हल करने के लिए तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिये वोट देने की अपील की।

श्री शाह ने मिसिंग समुदाय की सराहना करते हुये कहा कि चार चापोरी और अन्य ज़िलों में मिसिंग लोगों ने अवैध घुसपैठियों को घुसने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि हालांकि, ज़िम्मेदारी यहीं खत्म नहीं होती, मिसिंग समुदाय को यह सुनिश्चित करना होगा कि अवैध घुसपैठियों को असम से बाहर निकाला जाए।

श्री शाह ने कहा, "मैं युवाओं को यह आश्वासन देना चाहता हूँ कि अगर आप भाजपा सरकार चुनते हैं, तो सभी अवैध घुसपैठियों को राज्य से बाहर निकाल दिया जाएगा।" उन्होंने जनसांख्यिकीय बदलाव के लिए पिछली कांग्रेस सरकारों को दोषी ठहराते हुए कहा कि भाजपा सरकार इस प्रवृत्ति में बदलाव लाने के लिए काम कर रही है।

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही घुसपैठ रोकने के लिए एक मिशन की घोषणा की है। उन्होंने घुसपैठियों से एक लाख एकड़ से ज़्यादा ज़मीन खाली कराने और कड़े कदम उठाने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल तारीफ़ की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित