बिस्वनाथ (असम) , अप्रैल 01 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि उसके द्वारा किए गए भूपेन हजारिका के अपमान को असम की जनता नहीं भूली है। श्री मोदी ने असम के बिस्वनाथ में जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने जहां भूपेन हजारिका को भारत रत्न देकर सम्मानित किया, वहीं कांग्रेस नेतृत्व ने उनका उपहास उड़ाया।

प्रधानमंत्री ने इससे पहले डिब्रूगढ़ में एक चाय बागान के दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की महिला श्रमिकों ने उन्हें भक्ति गीत के माध्यम से "जगत जननी मां" को समर्पित भावपूर्ण स्वागत किया, जो उनके लिए यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि विकसित असम के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका है तथा इसके लिए बेहतर सड़क, पुल और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी जरूरी है। इससे कृषि, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

श्री मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 10-11 वर्षों में महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आय बढ़ाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गये हैं। उन्होंने कहा कि "लखपति दीदी" अभियान के तहत असम की लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं के तहत कई घर महिलाओं के नाम पर दिए जा रहे हैं, जिससे वे संपत्ति की मालिक बन रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में भाजपा नीत राजग सरकार की "हैट्रिक" तय है। उन्होंने कहा कि देश और असम की जनता ने उन्हें केंद्र में भी लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर दिया है और इस बार राज्य में भी जनता रिकॉर्ड बहुमत देगी।

श्री मोदी ने कहा कि जहां-जहां भाजपा नीत राजग की सरकार है, वहां सुशासन के कारण जनता बार-बार उन्हें सेवा का मौका देती है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भी असम की जनता अपना प्रचंड बहुमत से विजयी बनायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित