नयी दिल्ली , जनवरी 13 -- भारतीय रेल असम और पश्चिम बंगाल से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए एक सप्ताह के अंदर नौ अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने की तैयरी में है जिससे पूर्वोत्तर और पूर्वी क्षेत्र के लिए देश में अन्य जगहों से आवागमन सुविधाओं का विस्तार होगा।
रेल मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार इन नयी अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों में गुवाहाटी (कामाख्या) - रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ - लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी - नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी - तिरुचिरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस , अलीपुरद्वार - एसएमवीटी बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस, अलीपुरद्वार - मुंबई (पनवेल) अमृत भारत एक्सप्रेस, कोलकाता (संतरागाछी) - तांबरम अमृत भारत एक्सप्रेस, कोलकाता (हावड़ा) - आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस और कोलकाता (सियालदह) - बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शामिल होगी।
विज्ञप्ति में कहा गया , ' नया साल रेल यात्रा के अनुभव के मामले में गेम चेंजर साबित हो रहा है। चाहे आम आदमी हो या प्रीमियम यात्री, भारतीय रेलवे पूरे भारत में यात्रियों के लिए किफायती कीमत पर आरामदायक यात्रा लाने के लिए पूरी तरह तैयार है।"रेलवे के सूत्रों ने बताया कि इन ट्रेनों का परिचालन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इसी सप्ताहांत असम की यात्रा के दौरान शुरू किया जा सकता है। श्री मोदी 17-18 जनवरी को असम के दौरे पर होंगे।
अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी की परिकल्पित लोगों को किफायती दर पर बेहतर सुविधाओं से सज्जित रेल यात्रा सुविधा देने के लिए की गयी है। इसका स्लीपर डिब्बे में यात्रा का किराया 500 रुपये प्रति हज़ार किलोमीटर रखा गया है। छोटी और मध्यम दूरी की यात्राओं का किराया आनुपातिक रूप से कम हो जाता है। दिसंबर 2023 में इसको पहली बार शुरू किये जाने के बाद से अब तक 30 अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़िया शुरू कर दी गीयी है। एक सप्ताह में रेलवे के परिचालन में इसमें ऐसी नौ और नई सेवाएं जुड़ जाएंगी।
इससे अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाओं का एक नया सेट पूर्वी और उप-हिमालयी क्षेत्रों से दक्षिणी, पश्चिमी और मध्य भारत के प्रमुख शहरों तक विस्तार होगा। इनसे असम, बिहार और पश्चिम बंगाल के प्रवासी मज़दूरों को विशेष रूप से फायदा होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित