नयी दिल्ली , अप्रैल 09 -- असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए मतदाता भारी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार अपराह्न एक बजे तक असम की सभी 126 सीटों के लिए 59.63 प्रतिशत मतदान हुआ। केरल में 140 सीटों पर 49.70 प्रतिशत मतदान हुआ तथा पुड्डुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर 56.83 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा कर्नाटक विधानसभा कीे दो सीटों बागलकोट और दावणगेरे में क्रमश: 43.75 प्रतिशत और 37.17 प्रतिशत, नगालैंड की कोरिडांग में 59.52 प्रतिशत और त्रिपुरा के धरमनगर विधानसभा सीट उपचुनाव के लिए 52.76 प्रतिशत मतदान हुआ है।

सभी जगह मतदान गुरुवार सुबह सात बजे शुरु हुआ और केरल तथा पुड्डुचेरी में शाम छह बजे तथा असम में शाम पांच बजे तक मतदान होगा।

चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से मतदान सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक प्रबंध किये हैं।

असम में 2.50 करोड़ से अधिक मतदाताओं के लिए कुल 28,205 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं। केरल में 2.71 करोड़ से अधिक मतदाता के लिए 30,471 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। वहीं पुड्डुचेरी में 9.44 लाख से अधिक मतदाताओं के लिए 1,099 मतदान केंद्र बनाये गये है। आज सुबह से सभी मतदाता अपने चहेते उम्मीदवार के पक्ष में मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित