मुरैना , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में एक विवाहिता ने अपने मकान मालिक पर अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने तथा दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा को दी शिकायत में आरोप लगाया कि दिसंबर 2025 में मकान मालिक मोहन राजपूत ने उसे नहाते समय छुपकर बिना कपड़ों के फोटो और वीडियो बना लिए थे। इसके बाद फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया और कथित रूप से चार बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के अनुसार उसका पति ट्रक चालक है और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ यह कृत्य किया। पुलिस अधीक्षक ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित