पटना , मई 08 -- कला एवं संस्कृति विभाग के नवनियुक्त मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को कहा कि फूहड़ एवं अश्लील गानों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

डॉ. प्रमोद कुमार ने आज कला एवं संस्कृति मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभाग के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न कला क्षेत्रों के कई कलाकारों ने उनका स्वागत अभिवादन किया।

मंत्री ने पदभार ग्रहण के बाद कहा कि बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति, लोक परंपराओं एवं विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए विभाग निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने कलाकारों, साहित्यकारों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के सहयोग से राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य की लोककलाओं, सांस्कृतिक धरोहरों, संग्रहालयों, रंगमंच एवं युवा कलाकारों को प्रोत्साहन देना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित