कानपुर , सितंबर 30 -- विश्व हिंदू परिषद (विहिप) कानपुर प्रांत के तत्वावधान में बुधवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, बेनाझाबर में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता एवं विहिप के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय अशोक सिंहल के जन्मशताब्दी वर्ष (1926-2026) का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय, राजकुमार लोहिया, गजेंद्र तथा राजीव महाना ने श्रीराम दरबार का पूजन कर किया। समारोह की अध्यक्षता लोहिया कॉर्प लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राजकुमार लोहिया ने की। मुख्य वक्ता के रूप में चंपत राय तथा मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए चंपत राय ने श्रीरामजन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के संघर्षपूर्ण दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंहल आधुनिक भारत में सनातन जागरण के युगपुरुष थे। उन्होंने ऐसे दौर में हिंदू समाज को जगाने का कार्य किया, जब अपनी आस्था, पहचान और सांस्कृतिक स्वाभिमान की बात करना चुनौतीपूर्ण माना जाता था। उन्होंने विभिन्न मत, पंथ और संप्रदायों के संतों को एक मंच पर लाकर श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन को गति दी और इसे बड़े जनांदोलन में परिवर्तित किया।
उन्होंने कहा कि 1984 में धर्म संसद के शंखनाद से लेकर शिलापूजन, कारसेवा और गांव-गांव जनजागरण तक अशोक सिंहल का जीवन श्रीराम के कार्य के लिए समर्पित रहा। अयोध्या में निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर उनकी तपस्या, दृढ़ संकल्प तथा रामभक्तों और संतों के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सिंहल का मानना था कि राम मंदिर केवल एक पाषाण संरचना नहीं, बल्कि भारत के सांस्कृतिक स्वाभिमान और राष्ट्रीय अस्मिता के पुनरुत्थान का प्रतीक है।
स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि अशोक सिंहल संतों के हृदय में बसते थे। उन्होंने भारत की संत शक्ति को संगठित कर राष्ट्र निर्माण के कार्य में योगदान के लिए प्रेरित किया और देश-दुनिया के हिंदुओं को सांस्कृतिक एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया।
अध्यक्षीय संबोधन में राजकुमार लोहिया ने कहा कि अशोक सिंहल का त्याग, समर्पण और राष्ट्र-चेतना समाज को सदैव प्रेरित करती रहेगी। उनका जीवन राष्ट्र और धर्म की सेवा का अनुपम अध्याय है।
समारोह में अशोक सिंहल के साथ कार्य करने वाले वरिष्ठ स्वयंसेवकों ज्ञानेन्द्र मिश्रा, प्रकाश शर्मा, दीपक राजे और अशोक बाजपेयी को सम्मानित किया गया। उन्होंने सिंहल से जुड़े संस्मरण भी साझा किए।
विहिप के प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने संगठनात्मक वृत्त प्रस्तुत करते हुए कहा कि जन्मशताब्दी वर्ष के तहत अगले एक वर्ष तक कानपुर प्रांत के प्रत्येक जिले, प्रखंड और ग्राम स्तर पर विचार गोष्ठियां, धर्मसभाएं, समरसता सम्मेलन तथा सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे। प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख अनिल ओक, कानपुर प्रांत संघचालक भवानीभीख, पंचदशनाम जूना अखाड़ा की महामंडलेश्वर मां योगेश्वरी यति, विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र, प्रांत कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल, विभाग संघचालक डॉ. श्यामबाबू गुप्ता, विभाग प्रचारक बैरिस्टर जी, प्रांत सह मंत्री अभिनव दीक्षित एवं अवधेश भदौरिया, क्षेत्र विशेष संपर्क प्रमुख अनिल दीक्षित, विभाग अध्यक्ष नरेश माहेश्वरी, विभाग मंत्री गौरांग तथा विभाग संगठन मंत्री मनीष समेत बड़ी संख्या में संत, पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित