चंडीगढ़ , सितंबर 27 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि अशोक सिंघल ने अपना जीवन भारत की सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने में समर्पित किया।

श्री नायब सैनी आज गुरुग्राम विश्वविद्यालय में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से आयोजित अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अशोक सिंघल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन भारत की सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने श्री राम जन्मभूमि आंदोलन में उनके योगदान को भी याद किया।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में अशोक सिंघल के जीवन और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने व्यक्तिगत उन्नति के बजाय अपने ज्ञान और क्षमताओं को समाज सेवा के लिए समर्पित करने का मार्ग चुना।

श्री सैनी ने कहा कि अशोक सिंघल ने संतों, धार्मिक विद्वानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम परिवारों को व्यापक सांस्कृतिक उद्देश्यों से जोड़ने में भूमिका निभाई। उन्होंने युवाओं से भारतीय ज्ञान परंपरा, भाषाओं, कला और संस्कृति से जुड़े रहने तथा मूल ग्रंथों का अध्ययन करने और विद्वानों से संवाद करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने विहिप और सामाजिक संगठनों से जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को सेवा कार्यों से जोड़ने की अपील की। उन्होंने शिक्षा सहायता, रक्तदान, जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं, पौधारोपण और युवाओं को नशे से दूर रखने जैसी गतिविधियां बढ़ाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित