लखीसराय, अगस्त 22 -- बिहार में लखीसराय के अशोकधाम में पिछली सोमवारी के दिन हुए दर्दनाक हादसे में आठवें श्रद्धालु की मौत के बाद वामपंथी दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पर हमला बोला और कहा कि हादसे के बाद की गई जांच यदि केवल अधिकारियों को बचाने की औपचारिक प्रक्रिया बनकर रह गई तो इससे मृत श्रद्धालुओं के परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा।
भाकपा ने कहा कि प्रशासनिक अक्षमता, वीआईपी कल्चर, भीड़ प्रबंधन की विफलता और दूरदर्शिता के अभाव ने इस त्रासदी को गंभीर बनाया। कहा गया कि जिम्मेदारी तय करने के बजाय यदि प्रशासन भीड़ और श्रद्धालुओं पर ही दोष मढ़ने में लगा रहा तो यह अपनी जवाबदेही से बचने का प्रयास माना जाएगा।
वामपंथी दल भाकपा ने लखीसराय शहर एवं आसपास विद्युत पोल गाड़ने तथा बिजली तार लगाने के कार्यों में कथित अनियमितताओं की भी निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग की है। यह जांच होनी चाहिए कि कार्य किस मानक, किस एजेंसी और किस स्वीकृत योजना के तहत कराया गया तथा उसमें गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित