भिवानी , अक्टूबर 21 -- हरियाणा के भिवानी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसके दो साल के कार्यकाल को विफलता, कुशासन और वादाखिलाफी से भरा बताया। जैन चौक स्थित तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने भाजपा के 2024 के चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादों पर सवाल उठाए और सरकार से जवाब मांगा।

डॉ. तंवर ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर युवाओं में निराशा है। उन्होंने सरकार के बिना पर्ची और बिना खर्ची नौकरी देने के दावों पर भी सवाल उठाए।

लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए तंवर ने आरोप लगाया कि महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने के वादे के बावजूद जटिल शर्तों के कारण पात्र महिलाओं को लाभ से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने प्रति परिवार 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा, सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस और गरीबों को पांच लाख आवास देने के वादों पर भी सरकार से जवाब मांगा। कांग्रेस कार्यकाल में आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों से जुड़ी कॉलोनियों को नियमित करने के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित