पटना , नवंबर 04 -- बिहार के प्रख्यात अंग्रेजी शिक्षक एवं लेखक डॉ. अशोक कुमार सिंह की पुस्तक 'ए मिरर ऑफ कॉमन एरर्स' (एंग्लो-हिंदी) को अमेरिका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया है।
श्री सिंह को अंग्रेजी भाषा के शिक्षण और लेखन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
पुस्तक का संशोधित संस्करण वर्ष 2027 में प्रकाशित किया जाएगा।
पटना के ए-वन प्रकाशन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, डॉ. अशोक कुमार सिंह को अंग्रेजी भाषा के शिक्षण का 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह लंबे समय से छात्रों को प्रतियोगिताओं के लिए अंग्रेजी की शिक्षा दे रहे हैं। उनके पढ़ाए कई छात्र आज राज्य और केंद्र सरकारों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं और अकादमिक शिक्षा से संबंधित 18 पुस्तकें लिखी हैं, जो बिहार और झारखंड के साथ-साथ देशभर के छात्रों एवं शिक्षकों के बीच लोकप्रिय हैं।
डॉ. सिंह ने इस पुस्तक को 58 अंतरराष्ट्रीय पुस्तकों के अध्ययन के आधार पर तैयार किया है। इस पुस्तक की लोकप्रियता और गुणवत्ता के कारण इसे अमेरिका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान मिला है। उन्हें इस संस्था की ओर से लाइफटाइम मेंबरशिप कार्ड भी प्रदान किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित