भरतपुर , जुलाई 15 -- राजस्थान में डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र में पुलिस ने जिला विशेष दल के सहयोग से लुहेसर गांव में अवैध हथियार बनाने के कारखाने का पर्दाफाश करके दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. ने बुधवार को बताया कि संगठित रूप से वर्षों से चल रही अवैध हथियार बनाने एवं बेचने के इस काले कारोबार के मामले में मकसूद (42) और इन्ताज (35) को गिरफ्तार करके सिंगल एवं टोपीदार बंदूकें, पौना एवं हथियार बनाने की मशीनें और कलपुर्जे जब्त किये गये।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से अपने एक अन्य साथी मम्मन उर्फ मम्मनदीन के साथ मिलकर संगठित तरीके से अवैध हथियार बनाने, रखने और बेचने का धंधा कर रहे हैं। फरार आरोपी मम्मन इन्हें हथियार बनाने का कच्चा माल और सामान उपलब्ध कराता था। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित