भोपाल , जनवरी 15 -- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा निरंतर गश्त और सशक्त खुफिया तंत्र के माध्यम से अवैध हथियारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों में बीते 15 दिनों के दौरान की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 53 अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनरी और बड़ी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया गया है।

जिसमें मुरैना जिले में अवैध हथियारों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की 12 पिस्टल, 20 जिंदा राउंड और 8 मैगजीन जब्त की गई हैं।

जबकि बड़वानी में मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र क्षेत्र से हथियार लाकर ग्रामीण मार्ग से परिवहन कर रहे एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी में उसके बैग से 2 देशी पिस्टल, 12 बोर के 6 देशी कट्टे और 5 जिंदा कारतूस जब्त किए गए।

वही देवास शहर क्षेत्र में सतर्क गश्त और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने दो स्थानों पर दबिश देकर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से 6 देशी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 1 देशी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।

तो बुरहानपुर जिले के पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। मौके से 5 तैयार पिस्टल, 7 अर्धनिर्मित पिस्टल, पंखा मशीन, ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, पिस्टल सांचे, मैगजीन सहित अन्य उपकरण और सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

दूसरी ओर छतरपुर जिले में विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाइयों के दौरान कुल 9 अवैध हथियार जब्त किए गए। इस दौरान अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल आरोपियों को पकड़कर कारतूस और अवैध रूप से मॉडिफाइड मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

इसके अलावा दतिया जिले में 1, पन्ना जिले में 1 और सतना जिले में 2 अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। सतना में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराने के मामले में भी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये उपलब्धियां मध्यप्रदेश पुलिस की सतर्कता, मजबूत खुफिया नेटवर्क, त्वरित प्रतिक्रिया और संयुक्त कार्रवाइयों का परिणाम हैं, जिनसे अवैध हथियारों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और आपूर्ति पर प्रभावी अंकुश लगा है और गंभीर आपराधिक घटनाओं की संभावनाओं को समय रहते रोका जा सका है। पुलिस का उद्देश्य प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित