देहरादून , अक्टूबर 02 -- उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की साइबर सेल ने शुक्रवार को देहरादून में अवैध सिम बॉक्स के माध्यम से संचालित एक अवैध कॉल सेंटर का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि डीओटी और दूरसंचार विभाग की गाइडलाइन का उल्लंघन कर निर्धारित 1600 नंबर सीरीज के स्थान पर व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों से ग्राहकों को कॉलिंग करने वाले एक अवैध कॉल सेंटर के देहरादून में संचालित होने का इनपुट मिला। जिसमें संदिग्ध सिम बॉक्स के संचालन की जानकारी दी गयी थी। जिसके माध्यम से सक्रिय संदिग्ध मोबाइल नंबरों के विरुद्ध चक्षु पोर्टल एवं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शिकायतें दर्ज होना पायी गयी। उक्त टेलीकॉम सेटअप दूरसंचार विभाग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित नहीं पाये गये।
अपर पुलिस अधीक्षक साइबर शान्तनु परासर के निर्देशन में एक टीम गठित की गई । जिसने जांच एवं तकनीकी साक्ष्य संकलित करने के उपरांत दूरसंचार विभाग को साथ में लेकर जीएमएस रोड, कमला पैलेस के निकट स्थित कैरियर हाउस बिल्डिंग में संचालित सिंह एसेट्स रिकान सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में छापेमारी की गयी।
श्री सिंह ने बताया कि उक्त कम्पनी के कार्यालय में अवैध रुप से काँल सेन्टर संचालित किया जाना पाया गया। कम्पनी के द्वारा काँलिंग के लिये डेएनस्टार कंपनी का 32 स्लॉट वाला सिम बॉक्स प्रयोग में लाया जा रहा था। दूरसंचार विभाग की अधिकारी द्वारा सिम बॉक्स की पुष्टि की गयी तथा उनके द्वारा बताया गया कि उक्त उपकरण के माध्यम से कॉल की वास्तविक पहचान छिपाकर धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा सकता है तथा इसका प्रयोग दूरसंचार विभाग की निर्धारित गाइडलाइन का उल्लंघन है। कार्यालय की तलाशी के दौरान विभिन्न स्थानों से विभिन्न कम्पनियों के कुल 45 सिम कार्ड सहित, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, दो एक्सट्रीम फाइबर राउटर, चार जीबी रैम, दो एटीएम कार्ड तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि लैपटॉप की जांच में विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड से संबंधित डेटा सहित अन्य महत्वपूर्ण डेटा प्राप्त हुआ। जिस सम्बन्ध में अग्रिम विवेचना की जा रही है।
एसटीएफ के एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार लक्ष्मण प्रसाद पुत्र श्रीपत, निवासी सेखन फाटक, चरखारी स्टेट, महोबा, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी चन्द्रमणी फेस-2, थाना पटेलनगर, देहरादून (कम्पनी मैनेजर) और जगमोहन सिंह रावत पुत्र धर्मेन्द्र सिंह रावत, निवासी डीए-87, तृतीय तल, माता चौक, रंगपुरी, थाना बसंत कुंज, नई दिल्ली (कम्पनी रीजनल मैनेजर) नामक अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि उक्त कॉल सेंटर से लोगों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने एवं उससे संबंधित लाभ बताने के नाम पर कॉल की जाती थी। कई बार ग्राहकों से शीघ्र धनराशि जमा कराने के लिए धमकी भरे कॉल एवं गाली-गलौच कर दबाव बनाया जाता था, जिससे ग्राहक डरकर अपनी संवेदनशील जानकारी एवं धनराशि उपलब्ध करा देते थे। इसके अतिरिक्त कॉल सेंटर में लगभग 39 अन्य युवक-युवतियों को भी कार्य पर रखा गया था, जिन्हें कमीशन के आधार पर भुगतान किया जाता था। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी प्रकाश में आया कि कॉल सेंटर द्वारा ट्राई की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार कस्टमर हेल्पलाइन की 1600 नंबर सीरीज का प्रयोग नहीं किया जा रहा था, बल्कि व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों से ग्राहकों को कॉल कर धमकाया जाता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित