बिलासपुर , मई 25 -- छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र में एक महिला ने कथित रूप से अवैध संबंध के शक में अपने पति पर लोहे के हंसिए से जानलेवा हमला कर दिया है।

बिलासपुर पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित राकेश पेशे से राजमिस्त्री है। उसकी पत्नी को लंबे समय से पति के किसी दूसरी महिला के साथ संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर दंपति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और घर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।

बताया गया है कि रविवार देर रात भोजन के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। इसी दौरान करीब एक बजे पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर महिला ने कथित रूप से घर में रखे लोहे के हंसिए से पति पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल राकेश खून से लथपथ हालत में कमरे से बाहर निकला और शोर मचाया। उसकी स्थिति देखकर नाबालिग बेटे ने अपनी बुआ को सूचना दी। इसके बाद परिजन घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलने पर चकरभाठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और दूसरी महिला से संबंध होने के शक को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित