धार , जून 07 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद और कथित अवैध संबंधों को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बदनावर तहसील के दत्तीगारा-बिडवाल मार्ग पर गोविंद पंवार पर कुछ लोगों ने लकड़ी, ईंट और लोहे के कड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजन उन्हें उपचार के लिए पहले कानवन और बाद में धार के अस्पताल ले गए, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर पीथमपुर क्षेत्र से प्रवीण उर्फ जीवन पंवार (18) और विजय बारिया (20) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि मृतक गोविंद पंवार उसके रिश्ते में बड़े पापा लगते थे। आरोपी को अपनी मां और मृतक के कथित संबंधों पर आपत्ति थी, जिसके चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार बारिया, उपनिरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अजय वर्मा तथा थाना एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित