धार , फरवरी 1 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की धामनोद पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीयर से भरी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब और वाहन की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर धामनोद पुलिस ने नेशनल हाईवे पर देर रात करीब 1 बजे घेराबंदी कर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में अवैध बीयर पाई गई।

जानकारी के मुताबिक पिकअप वाहन क्रमांक MP 09 GJ 1332 इंदौर से अवैध शराब लेकर जुलवानिया की ओर जा रहा था। धामनोद थाने के एसआई राहुल चौहान को इसकी गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ लिया। जांच में वाहन से बीयर की कुल 240 पेटियां बरामद की गईं, जिनकी कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित