मोहाली , मई 25 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने सोमवार को मोहाली नगर निगम चुनावों के दौरान चुनाव आचार संहिता के गंभीर उल्लंघन के आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारी बलविंदर सिंह झांसल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

श्री सिद्धू ने बताया कि कांग्रेस के महासचिव कैप्टन संदीप संधू द्वारा राज्य चुनाव आयुक्त को औपचारिक शिकायत भेजी गयी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुलिस अधिकारी बलविंदर सिंह झांसल अपने पद का दुरुपयोग करते हुए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों और वार्ड नंबर 10 से समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परमजीत सिंह काहलों के पक्ष में मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी वाहनों का इस्तेमाल कर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब वितरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत के साथ चुनाव आयोग को वीडियो सबूत भी सौंपे गये हैं, जिनमें पुलिस स्टिकर लगी गाड़ी से चुनावी लाभ के लिए शराब आपूर्ति किये जाने का दावा किया गया है। कांग्रेस नेता ने इसे पुलिस मशीनरी और सरकारी प्रभाव का खुला दुरुपयोग बताया और कहा कि इस तरह की गतिविधियां स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की भावना को कमजोर करती हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की तत्काल स्वतंत्र जांच करवाई जाये, संबंधित वाहनों और वीडियो सबूतों को जब्त किया जाये तथा दोषियों के खिलाफ विभागीय और आपराधिक कार्रवाई की जाये।

इस अवसर पर पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन हरकेश चंद शर्मा मछलीकलां, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मोहाली ग्रामीण के अध्यक्ष प्रदीप सिंह तंगौरी और ब्लॉक यूथ कांग्रेस मोहाली के अध्यक्ष मुकुल शर्मा भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित