बैतूल , अप्रैल 21 -- जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में अवैध शराब के मामले में दो माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को भोपाल से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 को रोशन अमरूते और आशीष सुजाने, दोनों निवासी ग्राम चिचोलीढाना, के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला बड़ी मात्रा में अवैध शराब से संबंधित है।
घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भैंसदेही पुलिस ने भोपाल में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हैं, जिससे उनके आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने की पुष्टि होती है। कार्रवाई में भैंसदेही थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित