मुरैना , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के कैलारस थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच लाख रुपए से अधिक मूल्य की अवैध शराब और बीयर बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पचेखा में एक व्यक्ति द्वारा बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में अवैध शराब और बीयर का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापा मारकर आरोपी मोनू उर्फ महावीर तोमर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने फरार आरोपी के घर की तलाशी के दौरान 248 पेटी अवैध बीयर और सात पेटी शराब बरामद की। जब्त शराब और बीयर की कुल कीमत लगभग पांच लाख 39 हजार 500 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कैलारस थाने में पूर्व से ही चार प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित