भिण्ड , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड देहात थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम धरई से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की 22 पेटियां देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त कर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम धरई स्थित मोहित यादव के बाड़े पर दबिश दी। पुलिस को देखकर मोहित यादव भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पत्नी नीतू यादव की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान बाड़े से 22 पेटियों में रखी 207.165 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई गई है। जांच में सामने आया कि नीतू यादव घर से तथा उसका पति मोहित यादव बाड़े में शराब का भंडारण कर अवैध बिक्री और तस्करी कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बरामद शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर थाना देहात में अपराध क्रमांक 515/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब बरामद शराब के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित