मुरैना , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर रेत माफिया से जुड़े लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर मारकर हमला कर दिया, जिसमें एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना आज सुबह ग्राम बरेथा में हुई, जहां दिमनी थाना पुलिस अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने पुलिस वाहन को सामने से टक्कर मार दी और पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया।

टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में आरक्षक सुदामा रजक के सिर में गंभीर चोट आई, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक संतोष परमार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित