मुरैना , जून 03 -- मध्यप्रदेश के परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने मुरैना जिले में राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री जोगा ने चंबल नदी के राजघाट, अल्लाबेली चौकी तथा परिवहन चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अवैध रेत परिवहन में लगे वाहनों को तत्काल जब्त करने तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में रखकर वाहन चालकों और मालिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि खनिज परिवहन तथा चंबल रेत से संबंधित सभी वाहनों की सघन जांच की जाए और आवश्यकता अनुसार उनमें जीपीएस प्रणाली भी स्थापित कराई जाए। बैठक में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना, वन मंडल अधिकारी एस.सी. बघेल, जिला खनिज अधिकारी सुखदेव कुमार निर्मल, जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह कंग तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि जिले में अवैध खनिज परिवहन की निगरानी के लिए आठ प्रमुख जांच चौकियां स्थापित की गई हैं, जहां लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। परिवहन विभाग को अतिरिक्त बल के रूप में विशेष सशस्त्र बल के जवान भी उपलब्ध कराए गए हैं।
श्री जोगा ने निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी अवैध रेत भंडारण पाए जाने पर उसे तत्काल हटाकर विनष्टीकरण की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी वाहन को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में अतिरिक्त अमला तैनात किया गया है। इसके तहत एक परिवहन निरीक्षक, एक उप परिवहन निरीक्षक और एक चेक पोस्ट प्रभारी की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा तीन निरीक्षकों की विशेष तैनाती की गई है, जो सात-सात दिन के रोटेशन पर कार्य करेंगे। अवैध खनिज परिवहन पर नियंत्रण के लिए 30 आरक्षक और 21 एसएएफ जवान भी तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुरैना जिले में अवैध खनिज परिवहन और चंबल रेत के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और स्टाफ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित