भिण्ड , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग की टीम ने शनिवार रात अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
खनिज विभाग की टीम को लहार, मिहोना और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रात में गश्त शुरू की। अटेर क्षेत्र से गश्त करते हुए टीम लहार क्षेत्र के मटियावली पहुंची, जहां रावतपुरा सानी के पास दो ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते मिले। दोनों ट्रैक्टर मटियावली से रेत लेकर मिहोना की ओर जा रहे थे। टीम ने दोनों वाहनों को जब्त कर संबंधित थाने में खड़ा कराया।
इसी दौरान मेहगांव क्षेत्र में भी टीम ने एक ट्रैक्टर को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा। वाहन को जब्त कर मेहगांव थाने में खड़ा कराया गया। तीनों मामलों में विभाग द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खनिज निरीक्षक गौरव साहू ने बताया कि जिले में अवैध रेत परिवहन रोकने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। भिण्ड, मेहगांव, भारौली, अटेर, लहार और मिहोना क्षेत्रों में सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध रेत परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित