मुरैना , मई 20 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की नूराबाद थाना पुलिस ने चंबल क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि नूराबाद थाना पुलिस ग्राम करूआ के समीप वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन तेज गति से भगाने लगा।
पुलिस ने नाकेबंदी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया और मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया। जब्त ट्रैक्टर बिना नंबर का पाया गया है। पुलिस इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान करने में जुटी है, ताकि उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित