मुरैना , मई 21 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सबलगढ़ अनुभाग में चंबल नदी के कलर घाट पर पुलिस ने अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनन में इस्तेमाल की जा रही नावों को आग लगाकर नष्ट कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सबलगढ़ थाना प्रभारी राजकुमारी परमार के नेतृत्व में आज तड़के पुलिस दल ने कलर घाट पर छापा मारा। मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेत माफिया मशीनों की सहायता से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन कर रहे हैं।
पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में लगी नावों को आग लगाकर नष्ट कर दिया गया तथा मजदूरों और मशीनों को घाट से खदेड़ दिया गया।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य क्षेत्र में रेत खनन पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध गतिविधियां जारी थीं। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा मध्यप्रदेश और राजस्थान सरकार को इस मामले में कड़ी फटकार लगाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने रेत माफिया के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद रेत माफिया में हड़कंप की स्थिति है। बताया गया है कि कलर घाट पर कार्रवाई के बाद चंबल नदी के अन्य घाटों से भी माफिया से जुड़े लोग भागते नजर आए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित