मुरैना , जून 13 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से जिला दण्डाधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ ने विभिन्न ग्रामों के कोटवारों को उनके कार्यक्षेत्र में विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) नियुक्त किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह आदेश पुलिस अधिनियम, 1861 तथा मध्यप्रदेश कोटवार नियमों के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जारी किया गया है। नियुक्तियां पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के अनुरोध पर अम्बाह, जौरा, मुरैना और सबलगढ़ तहसीलों के चयनित ग्रामों के कोटवारों के लिए की गई हैं।
विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में नियुक्त कोटवार अपने-अपने क्षेत्रों में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण संबंधी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखेंगे तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस विभाग को देंगे।
बताया गया है कि सभी नियुक्त कोटवार संबंधित थाना प्रभारी के नियंत्रण और पर्यवेक्षण में कार्य करेंगे। वे अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराने, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, गश्त और निगरानी कार्यों में पुलिस का सहयोग करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना संकलन की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला प्रशासन का मानना है कि ग्राम स्तर पर कोटवारों की सक्रिय भागीदारी से एक प्रभावी सूचना तंत्र विकसित होगा, जिससे अवैध खनन गतिविधियों की समय पर जानकारी प्राप्त हो सकेगी। इससे रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा राजस्व और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित