मुरैना , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल अभयारण्य क्षेत्र से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने मंगलवार देर रात क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस तथा वन विभाग को सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए।
दोनों अधिकारियों ने रात 11 बजे से तड़के ढाई बजे तक करीब साढ़े तीन घंटे चंबल नदी से सटे गांवों, प्रमुख मार्गों और घाटों का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मुरैना जनपद क्षेत्र के चंबल के बिहड़ी क्षेत्र में स्थित ग्राम नायकपुरा, सराय का पुरा, कुल्हाड़ा और गडोरा सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने चंबल नदी से जुड़े रास्तों पर स्थापित विशेष सशस्त्र पुलिस चौकियों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने चौकियों पर तैनात पुलिस जवानों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चंबल नदी क्षेत्र से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अथवा कोई अन्य संदिग्ध वाहन दिखाई देने पर उसे तत्काल रोककर गहन जांच की जाए और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल जांच तक सीमित न रहे, बल्कि चंबल नदी क्षेत्र से रेत के अवैध परिवहन की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए। इसके लिए पुलिस चौकियों को मजबूत करने तथा चंबल से जुड़े मार्गों पर वाहनों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार पुराने देवपुरी बाबा मंदिर के रास्ते को बंद किए जाने के बाद रेत के अवैध परिवहन के लिए बनाए गए नए रास्तों को सोमवार को पुलिस और वन विभाग ने जेसीबी मशीनों से गहरी खाइयां खोदकर बंद कर दिया। जिला प्रशासन ने इन रास्तों पर पुलिस और वन विभाग को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित