हरिद्वार , फ़रवरी 21 -- उत्तरांड में हरिद्वार के नगर निगम ने जनस्वास्थ्य और स्वच्छता मानकों को सख्ती से लागू करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को ज्वालापुर क्षेत्र में व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान मीट विक्रेताओं का निरीक्षण किया गया, जिसमें 40 से अधिक ऐसे प्रतिष्ठान चिह्नित किए गए, जिनके पास खाद्य सुरक्षा विभाग का वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।
नगर निगम द्वारा निर्धारित प्रारूप पर सभी संदिग्ध प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण पिछले माह पूरा किया गया। यह कार्रवाई मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर, विकास चौधरी और सफाई निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई।
सर्वेक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नगर निगम कार्यालय ने औपचारिक रूप से खाद्य सुरक्षा विभाग को पत्र भेजकर बिना लाइसेंस संचालित 40 से अधिक मीट दुकानों की सूची उपलब्ध करा दी है। पत्र में विभाग से अनुरोध किया गया है कि संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर दुकानों को बंद कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान निर्धारित नियमों का पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित