पटना , जून 13 -- बिहार में पटना जिले के नदी थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध मादक पदार्थ एवं विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। फतुहा-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवधेश कुमार ने शनिवार बताया कि शुक्रवार को को नदी थाना को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पक्की दरगाह पीपापुल मार्ग से पटना सिटी की ओर अवैध मादक पदार्थ एवं शराब लेकर रुस्तमपुर स्थित अपनी दुकान में पहुंचाने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए नदी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की, जिसके दौरान एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 165 ग्राम स्मैक, 9.5 लीटर अवैध विदेशी शराब, दो मोबाइल फोन, 6,870 रुपये नकद, 33 पीस गैस लाइटर, स्मैक पैकिंग में प्रयुक्त खाली डिब्बा एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। सभी सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित