उदयपुर , अगस्त 13 -- राजस्थान में आबकारी विभाग ने विभिन्न जिलों में अवैध मदिरा जब्त की और हजारों लीटर वॉश नष्ट कर मामले दर्ज किए।

विभाग ने गुरूवार को यहां जारी सूचना में बताया कि आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में की गयी कार्रवाई के तहत सिरोही के आबूरोड़, ग्राम वासड़ा, तलवारनाका में 10 हजार लीटर वॉश नष्ट करके 52 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सिरोही में एक अन्य कार्रवाई के तहत रिको क्षेत्र शिवगंज में वीर हनुमान होटल से 17 पेटियां में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 191 पव्वे बरामद किये गये। मौके से आरोपी पारसमल माली को गिरफ्तार किया गया।

नागौर के मेड़ता शहर में आबकारी दल ने रियाबड़ी गांव, जेजासनी, पुण्डलू मंडल में दबिश देकर 3200 लीटर वॉश सहित 29 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद कर छह मामले दर्ज किए। हनुमानगढ़ में हथकड़ मदिरा प्रभावित क्षेत्र गंगागढ़, देबुघाट, मक्कासर नहरी क्षेत्र एवं अमरपुराथेड़ी घग्घर नाली क्षेत्र में कार्रवाई के तहत 6200 लीटर वॉश सहित 10 मदिरा भट्टियां नष्ट की गई। मौके से पूर्व फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

चित्तौड़गढ़ के डूंगला, कपासन, निम्बोहड़ा में संयुक्त दबिश देते हुए एक हजार लीटर वॉश नष्ट कर मौके से 50 पव्वे देशी मदिरा एवं सात हथकड़ शराब की बोतलें भी जब्त की गई।

जयपुर शहर के तहत जयपुर पूर्व में 290 पव्वे देशी शराब जब्त करके आरोपी को गिरफ्तार किया। जयपुर पश्चिम में 48 पव्वे देशी शराब, 48 पव्वे ग्रीन लेबल, 48 पव्वे रॉयल चौलेंज विस्की एवं 24 बीयर केन बरामद करके मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जयपुर उत्तर क्षेत्र में भी एक मामला दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित