अलवर , मई 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में पुलिस ने करणपुरा के जंगल में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी खनन कर रहे बड़ी संख्या में वाहन जब्त किये।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने करणपुरा के जंगलों में चल रहे अवैध खनन पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए भारी संख्या में मशीनरी और वाहन जब्त किये हैं। इनमें पांच एलएनटी मशीनें, छह जेसीबी और करीब 25 ट्रैक्टर जब्त किये गये हैं।
बताया जा रहा है कि करणपुरा के जंगलों में लंबे समय से अवैध बजरी खनन का खेल चल रहा था। शिकायतों और लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद पुलिस ने बड़ी रणनीति के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान कई थानों की पुलिस, त्वरित कार्रवाई दल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित