भीलवाड़ा , फरवरी 21 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में अवैध बजरी खनन पर लगाम कसने के लिए जिला विशेष दल (डीएसटी) और रायपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोलते हुए माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने शनिवार को बताया कि पुलिस दल ने आसींद, शंभूगढ़, बागौर और रायपुर क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में वाहन जब्त किए हैं। पहली कार्रवाई आसींद और शंभूगढ़ की सरहद पर बहने वाली खारी नदी में की गयी, जहां डीएसटी ने बजरी से भरा एक डंपर और तीन खाली डंपर (कुल चार डंपर) जब्त किये। बागौर थाना क्षेत्र के ग्राम लसाडिया में कोठारी नदी के भीतर और किनारे से कुल नौ ट्रैक्टर एवं दो मोटरसाइकिलें जब्त की। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही चालक मौके से फरार हो गये।
उधर, रायपुर थाना पुलिस ने भी भटेवर क्षेत्र में स्थित कोठारी नदी में कार्रवाई करते हुए बजरी परिवहन में लगी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले के बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने सभी वाहन जब्त करके कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित