फिरोजाबाद , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिला प्रशासन ने अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से पांच लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को बताया कि अवैध खनन और अवैध परिवहन से संबंधित लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद उनके निर्देश पर तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत भू-तत्व एवं खनिज कर्म निदेशालय स्तर पर गठित विशिष्ट प्रवर्तन दल तथा खनन अधिकारी फिरोजाबाद की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कई वाहन ओवरलोडिंग, बिना रॉयल्टी और अन्य नियमों के उल्लंघन करते पाए गए। प्रशासन ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 5 लाख 15 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन और अवैध परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित