भीलवाड़ा , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में भीलवाड़ा शहर में अवैध निर्माण और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार को सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की।

निगम के आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए तीन व्यावसायिक परिसरों पर ताला लगा दिया। निगम की इस अचानक हुई कार्रवाई से संबंधित क्षेत्रों में हड़कंप मच गया और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में सिंधु नगर, गांधीनगर और बड़ला चौराहे के आसपास स्थित तीन व्यावसायिक परिसरों को निशाने पर लिया गया। निगम के दलों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया और तीनों परिसरों में ताला लगा दिया।

नगर निगम की ओर से की गई कार्रवाई के पीछे अवैध निर्माण को प्रमुख वजह बताया गया है। निगम के अनुसार इन तीनों व्यावसायिक परिसरों में नियमों के विपरीत निर्माण किया गया था। संबंधित परिसर संचालकों को पहले ही अवैध निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद नोटिस की पालना नहीं की गई और कथित अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद निगम प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए यह कार्रवाई की। आज निगम का अतिक्रमण हटाओ दस्ता अलग-अलग स्थानों पर पहुंचा। सिंधु नगर क्षेत्र में अशोक टिक्कयानी से जुड़े परिसर सहित गांधीनगर क्षेत्र में राकेश सतुरिया से संबंधित परिसर और बड़ला चौराहे पर स्थित एक अन्य व्यावसायिक परिसर पर कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित